Home » सड़क हादसा : तूफ़ान फोर व्हीलर व ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, 18 लोग घायल
मध्यप्रदेश

सड़क हादसा : तूफ़ान फोर व्हीलर व ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, 18 लोग घायल

उमरिया। चंदिया थाना क्षेत्र के बरम बाबा के समीप तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। तूफान फोर व्हीलर और एक ट्रक में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि फोर व्हीलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन से चीख-पुकार की आवाजें उठीं और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में करीब 18 लोग घायल हुए हैं।

सूचना मिलते ही 108 सेवा के जिला प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर तीन एंबुलेंस तेजी से मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर जिला चिकित्सालय उमरिया के लिए रवाना किया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है, जबकि एक व्यक्ति की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। उसे डॉक्टरों की टीम की विशेष निगरानी में रखा गया है।

बरम बाबा का यह इलाका जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सुबह के समय सड़क पर वाहनों की रफ्तार अधिक रहती है, जिससे हादसों का जोखिम भी बढ़ जाता है। कई लोगों का मानना है कि इस मार्ग पर उचित गति-नियंत्रण संकेतक और रोशनी की व्यवस्था की कमी है।

Search

Archives