Home » कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजेंद्र यादव मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
मध्यप्रदेश

कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजेंद्र यादव मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

चित्रकूट। थाना पहाड़ी क्षेत्र के बकटा बुजुर्ग गांव में शनिवार तड़क़े पुलिस मुठभेड़ के दौरान बांदा जिले के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। फिलहाल उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जानकारी दी कि शुक्रवार रात उन्हें सूचना मिली थी कि बांदा की ओर से कुछ संदिग्ध बदमाश क्षेत्र में घुसे हैं। अलसुबह करीब तीन बजे राजापुर-पहाड़ी मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पहले से सतर्क राजापुर व पहाड़ी थाने की पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भागते हुए बकटा गांव की ओर चला गया। पुलिस के पीछा करने पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान राजेंद्र यादव पुत्र मुन्ना यादव, निवासी थाना कमासिन, जनपद बांदा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी पर सात से आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह बांदा जिले का घोषित हिस्ट्रीशीटर है।

Search

Archives