डबल मर्डर से सनसनी
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने शख्स को पत्नी और उसके प्रेमी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी पत्नी पर शक था कि वो प्रेमी के साथ अवैध रिश्ते में है, इसलिए उसने अपनी पत्नी और कथित प्रेमी की हत्या कर दी। पुलिस ने संजय भुरिया नामक एक व्यक्ति को अपनी पत्नी लक्ष्मी और उसके प्रेमी महेश की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसने दोनों को एक साथ देखने के बाद लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया जिससे महेश की मौके पर ही मौत हो गई और लक्ष्मी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
इंदौर के डीएसपी उमाकांत चौधरी के अनुसार, 11 अगस्त को किशनगंज पुलिस को सूचना मिली की एक शख्स ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को जान से मार दिया है। पुलिस ने फौरन मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में संजय ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी अपने प्रेमी महेशा के साथ अवैध संबंध में थी। उसने दोनों को घर में एक-साथ पकड़ा था। संजय ने लकड़ी के डंडे से दोनों पर जोरदार वार किया। महेश के सिर में चोट लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि लक्ष्मी बुरी तरह से घायल थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
डीएसपी चौधरी के अनुसार, “संजय अपनी पत्नी को मोटरसाइकिल पर लेकर अस्पताल पहुंचा। हालांकि, ज्यादा खून बहने की वजह से लक्ष्मी की मौत हो गई।“ पुलिस ने संजय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।







