इंदौर। बड़वानी जिले के वरला वन परिक्षेत्र के ग्राम जूनापानी में बुधवार को तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। जंगल में मवेशी चराने गए ग्रामीणों पर अचानक झपटे तेंदुए ने पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के कुछ समय बाद तेंदुआ मृत अवस्था में मिला, जिसकी मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
जंगल में मवेशी चराने गए थे ग्रामीण
बताया जा रहा है कि ग्रामीण अपने मवेशी और बकरियां लेकर जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अचानक हमला बोल दिया। हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और एकजुट होकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक तेंदुआ पांच लोगों को घायल कर चुका था।
विधायक मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मोंटू सोलंकी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उधर, तेंदुए की मौत को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि आक्रोशित ग्रामीणों की पिटाई से उसकी जान गई। वरला वन क्षेत्र में यह हाल के दिनों में तेंदुए की मौत का दूसरा मामला है, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।







