मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में गुरुवार रात एक हादसे में एक तेंदुए की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बड़वानी शहर के कसरावद रोड पर हुआ, जब करीब डेढ़ साल का नर तेंदुआ सड़क पार कर रहा था। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना रात करीब 10 बजे कुक्षी बायपास के पास हुई। पास से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने तेंदुए को घायल हालत में देखा और वीडियो बनाकर तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को बरामद कर फॉरेस्ट सर्किट हाउस में सुरक्षित रखा गया।
गर्मी में पानी की तलाश में आया था तेंदुआ- बड़वानी के डीएफओ आशीष बसोड ने बताया कि गर्मी के कारण अक्सर जंगली जानवर पानी की तलाश में जंगल से बाहर निकल आते हैं। ऐसा लगता है कि यह तेंदुआ भी पानी की तलाश में शहरी इलाके की ओर आया था। दुर्भाग्य से सड़क पार करते समय किसी वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई।







