जबलपुर। जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। शाहपुरा थाना क्षेत्र में गुरुकृपा पेट्रोल पंप के पास एक हाईवा वाहन असंतुलित होकर ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर गिर गया। हाईवा ने एक कार व मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में लिया, जिससे मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार चार लोग घायल हो गए। हाईवा चालक की भी इस हादसे में मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही शाहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। आसपास के लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया गया। इस हादसे में जहां हाईवा के परखच्चे उड़ गए, वहीं कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने मौके पर क्रेन को बुलवाकर भारी-भरकम हाइवा को हटाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, ताकि नीचे दबे लोगों और कार को निकाला जा सके।







