सीधी। आदिवासी युवक पर पेशाब करने के मामले में मंगलवार देर रात पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रवेश शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही उसके अवैध निर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर भी चलने की बात कही जा रही है।
प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को सीधी पेशाब कांड पर कहा कि कृत्य बहुत घृणित और निंदनीय था। कानून अपना काम कर रहा है। ये भाजपा की सरकार है, यहां कानून का राज है। घटना का वीडियो सामने आते ही तत्काल मुख्यमंत्री के कहने पर एनएसए की कार्रवाई और कानूनी कार्रवाई कर दी थी, आरोपी को रात करीब दो बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
मंगलवार को प्रवेश शुक्ला का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक मानसिक रूप से विक्षिप्त आदिवासी युवक पर पेशाब करते नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान आरोपी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे और एनएसए लगाने की बात कही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनएसए के तहत मामला दर्ज किया था।
0 नौ दिन पुराना मामला
आदिवासी युवक पर पेशाब करने का मामला 9 दिन पुराना है जो वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि सीधी जिले के कुबरी बाजार में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक बैठा था। इसी दौरान प्रवेश शुक्ला ने नशे की हालत में उसके ऊपर पेशाब कर दिया था। किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया था और सोशल मीडिया में पोस्ट कर दिया था। ग्राम कुबरी का रहने वाला प्रवेश शुक्ला पूर्व में विधायक प्रतिनिधि था। मामले में एडिशनल एसपी सीधी अंजुलता पटले का कहना है कि मामले में जांच जारी है।







