भिंड। शहर में एक युवक के प्रेम प्रसंग ने हिंसक रूप ले लिया। युवक की हरकतों से नाराज लोगों ने उसके पिता को अगवाकर लाठी-डंडों से दौड़ा दौड़ाकर पीटा। गंभीर रूप से घायल पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लहार रोड की है।
सुनील बाल्मीकि के बेटे विवेक का मोहल्ले की एक विवाहिता से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हाल ही में विवेक उक्त महिला को लेकर फरार हो गया, जिससे मोहल्ले में आक्रोश फैल गया। इसी रंजिश के चलते छह लोगों ने सुनील बाल्मीकि को लहार रोड से अगवा कर सुभाष नगर इलाके में ले जाकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। हमलावरों ने दौड़ा दौड़ाकर मारपीट की, जिससे सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुनील को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने सूरज बाल्मीकि, छोटू बाल्मीकि, दीपू बाल्मीकि और अंकुश बाल्मीकि के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी बृजेन्द्र सिंह सेंगर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।







