जबलपुर। बरगी डैम में सैलानियों से भरा एक क्रूज पलटने से हड़कंप मच गया है। मध्यप्रदेश के शांत और खूबसूरत पर्यटन स्थलों में गिने जाने वाले जबलपुर का बरगी डैम गुरुवार शाम अचानक मातम में बदल गया। जहां लोग सुकून और प्रकृति का आनंद लेने पहुंचे थे, वहीं कुछ ही मिनटों में खुशियों का माहौल चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गया।
तेज आंधी और तूफान के बीच पर्यटकों से भरा एक क्रूज हादसे का शिकार हो गया, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। यह दर्दनाक हादसा जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार शाम हुआ। दिनभर सामान्य मौसम के बाद शाम होते-होते अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते आसमान में काले बादल छा गए और तूफानी परिस्थितियां बन गईं। इसी दौरान खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरा एक क्रूज पानी के बीचोंबीच पहुंच चुका था। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर डूब गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज में 30 से अधिक लोग सवार थे, जो बरगी डैम की सैर करने निकले थे। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सैर कुछ ही पलों में जानलेवा हादसे में बदल जाएगी। क्रूज के डूबते ही वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। कुछ लोग पानी में कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगे, जबकि कई लोग लहरों में बह गए।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि सबसे चिंताजनक बात यह है कि लगभग 18 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।







