राजगढ़ में हाई वोल्टेज ड्रामा
राजगढ़ । राजगढ़ में एक महिला कलेक्ट्रेट के समीप मौजूद नगर पालिका की पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला ने पति, देवर व जेठ पर मारपीट व ज्यादती करने व कोतवाली पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं करने के आरोप लगाए। पुलिस ने बमुश्किल समझाते हुए उसे नीचे उतारा व कोतवाली लेकर शिकायत सुनी।
महिला ने कोतवाली में देवर व जेठ पर दुष्कर्म करने व पति पर आरोपितों का साथ देने के आरोप लगाए हैं। इसके बाद कोतवाली पुलिस देर रात को देवर-जेठ व पति पर एफआईआर की कार्रवाई में जुटी थी। तीखी धूप के बीच मंगलवार दोपहर में महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह कई बार शिकायत लेकर थाने पहुंची, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। महिला का कहना था कि उसकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं की जा रही है, इसलिए उसे यह कदम उठाना पड़ा।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाइश का दौर चलता रहा। उधर महिला आरोपितों पर कार्रवाई की मांग पर करती रही व उन्हें मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी रही। बाद में पुलिस अधिकारियों ने उसकी शिकायत की सुनवाई और जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद वह नीचे उतरने के लिए राजी हुई। इसके बाद उसे एसपी कार्यालय ले जाया गया, जहां उसकी शिकायत पर चर्चा की गई।
पूरे मामले में हेरानी करने वाली बात यह है कि नगर पालिका ने सुरक्षा के लिहाज से पानी की टंकी के गेट में ताला लगा रखा है, ताकि कोई उस पर चढ़ न सके, लेकिन इसके बावजूद महिला कहां से व कैसे चढी, यह हैरान करने वाली बात है। हालांकि नागरिकों का मानना है कि गेट के ऊपर कुछ जगह है संभवतः महिला वहीं से चढ़ी होगी। इसकी जानकारी किसी के पास नहीं थी। काफी देर तक नगर पालिका के कर्मचारी भी ताले की चाबी नहीं ला सके। महिला के नीचे उतरने के समय चाबी पहुंची और गेट खोलकर उसे सुरक्षित नीचे लाया गया।
इसी बीच रोजड़ खुर्द गांव के कुछ ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने महिला के पति पर खेतों में रखी कृषि सामग्री में आग लगाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि आग लगने से 11 बीघा चारा व करीब 10 ट्रैक्टर चारा तथा अन्य कृषि सामग्री जलकर खराब हो गई। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
महिला का कहना है कि एक साल पहले उसके पति ने दबाव बनाकर गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। उसने बताया कि जबकि उसका देवर व जेठ ने दुष्कर्म किया है। उसके आरोपों के बाद हम देवर व जेठ पर एफआईआर कर रहे हैं। साथ ही पति को सह आरोपित बना रहे हैं। मामले की गहन जांच की जाएगी।
मंजू मखेनिया, टीआई, कोतवाली राजगढ़







