इटारसी। शादी समारोह में 10 वर्षीय बच्चे की कलाई पर बंधा स्मार्टवॉच अचानक फट गया। जिससे दो मासूम बच्चे झुलस गए। धमाके जैसी आवाज के साथ हुए इस हादसे ने खुशियों के माहौल को पलभर में दहशत में बदल दिया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम चांदोन निवासी वेदांत चौधरी अपने भाई सूर्यांश के साथ शादी समारोह में शामिल होने आया था। दोनों साथ बैठे थे, तभी वेदांत की कलाई पर बंधे स्मार्ट वॉच में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में वेदांत की कलाई बुरी तरह झुलस गई, जबकि पास बैठे उसके भाई को भी हाथ में चोट आई।
एक साल पुरानी थी स्मार्ट वॉच
परिजनों के अनुसार, यह स्मार्ट वॉच नॉइज कंपनी की थी, जिसे करीब एक साल पहले ऑनलाइन खरीदा गया था। इसे चार दिन पहले ही चार्ज किया गया था। अचानक हुए इस ब्लास्ट से समारोह में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इलाज के बाद दोनों बच्चे सुरक्षित
हादसे के तुरंत बाद परिजन दोनों बच्चों को रात करीब 1.30 बजे नर्मदा अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, बच्चों को मामूली चोटें आई थीं, जिनका प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया। फिलहाल दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
बड़ा हादसा टला, परिवार सहमा
राहत की बात यह रही कि विस्फोट में बच्चों के चेहरे या अन्य संवेदनशील अंगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, वरना हादसा गंभीर हो सकता था। घटना के बाद परिवार और समारोह में मौजूद लोगों के बीच डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।







