Home » चलती अर्टिगा में अचानक भड़की आग, बाल-बाल बचीं दो महिलाएं, देर से पहुंची फायर ब्रिगेड
मध्यप्रदेश

चलती अर्टिगा में अचानक भड़की आग, बाल-बाल बचीं दो महिलाएं, देर से पहुंची फायर ब्रिगेड

जबलपुर। मध्य प्रदेश के शहडोल शहर में रविवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चौपाटी के सामने सरावगी पेट्रोल पंप के पास चलती अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। रात करीब 11 बजे हुई इस घटना में देखते ही देखते कार आग की तीव्र लपटों में घिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार चालक और दो महिलाओं को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जलकर खाक हुई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीसीएफ ऑफिस के पास कार में आग लगने की सूचना तत्काल प्रशासन को दी गई। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम करीब आधे घंटा देरी के बाद मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

ट्रैवल्स कंपनी का वाहन

बताया जा रहा है कि यह वाहन एक ट्रैवल्स कंपनी का था, जिसमें मनोज गुप्ता के परिवार के सदस्य सफर कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह कार में लगी सीएनजी किट को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।

सीएनजी वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच सीएनजी वाहनों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि आग का कारण सीएनजी किट निकलता है, तो भविष्य में ऐसे वाहनों की सुरक्षा मानकों पर और सख्ती जरूरी होगी।

Search

Archives