Home » मारपीट में युवक का जबड़ा टूटा, घायल युवक गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर
कोरबा

मारपीट में युवक का जबड़ा टूटा, घायल युवक गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर

कोरबा। शराब दुकान के पास हुई मारपीट की घटना में एक युवक का जबड़ा टूट गया है। सोमवार रात रामपुर बस्ती में एक युवक पर सात-आठ लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में युवक का जबड़ा पूरी तरह टूट गया। घायल युवक को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है।

पीड़ित 27 वर्षीय करण बरेठ के पिता राजेश बरेठ ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि घटना बीती रात करीब 9:40 बजे रामपुर भट्टी के सामने हुई। करण मारुति एजेंसी के बिलिंग सेंटर में काम करता है और ड्यूटी से घर लौट रहा था। तभी उसने तुलसीराम चौहान और रमेश एक्का को आपस में लड़ते देखा। करण अपने दोस्त रमेश के फोन करने पर वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। तभी पीछे से तुलसीराम के दोस्त बंटी चौहान, शुभम चौहान और 7-8 अन्य साथी कार और बाइक में आ गए। आरोपियों ने मिलकर करण और रमेश एक्का के साथ मारपीट की। उन्होंने ईंट-पत्थर से हमला कर करण का जबड़ा तोड़ दिया।

आरोपियों ने करण को वहीं छोड़कर रमेश एक्का को गाड़ी में बैठाकर ढेंगुरनाला पुल की ओर ले गए। सूचना मिलते ही पिता राजेश मौके पर पहुंचे तो करण खून से लथपथ था। उसके सिर, कान और जबड़े में गंभीर चोटें आई थीं। करण को तत्काल डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सीटी स्कैन में उसका जबड़ा पूरी तरह टूटा पाया गया।

करण को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया। राजेश बरेठ की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने बंटी चौहान, शुभम चौहान व अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घायल युवक के पिता ने बताया कि रमेश का शराब दुकान पर शराब लेने को लेकर किसी युवक से विवाद हुआ था। इसके बाद बाहर मारपीट शुरू हो गई थी। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Search

Archives