Home » सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर से टकराई चारपहिया वाहन, एक युवक का हाथ कटा, कई घायल
कोरबा

सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर से टकराई चारपहिया वाहन, एक युवक का हाथ कटा, कई घायल

कोरबा। मरही माता के दर्शन कर लौट रहे ग्रामीणों की ‘तुफान’ नामक चार पहिया वाहन सिरकी के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार एक युवक का हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि दो अन्य ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दाखिल कराया, जहां से एक युवक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

कटघोरा थानांतर्गत ग्राम डूमरमुड़ा में विष्णु सिंह धनुहार 37 वर्ष निवास करता है। उसने दर्शन के लिए पेंड्रा के भवरांटक में स्थित मरही माता दर्शन की योजना बनाई थी। इसके लिए गांव के एक दर्जन से अधिक ग्रामीण भी तैयार हो गए। चालक करीब एक दर्जन ग्रामीणों को लेकर मरही माता के लिए रवाना हुआ था। वे देर शाम माता का दर्शन कर गांव लौट रहे थे।

पसान जटगा कटघोरा मार्ग में सिरकी के समीप पहुंचे ही थे कि इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि  ‘तुफान’ के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार महेश राम नामक युवक का एक हाथ कोहनी से कटकर अलग हो गया, जबकि विष्णु और घुरसाय को गंभीर चोटें आई। इसके अलावा वाहन में सवार कुछ अन्य ग्रामीण भी घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घायलों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। साथ ही मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही जटगा पुलिस चौकी प्रभारी राम पांडे ने प्रधान आरक्षक विरेंद्र व आरक्षक रोशन पांडेय को मौके के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले घायलों को इलाज के लिए कटघोरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दाखिल कराया, जहां से महेश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने  ‘तुफान’ वाहन व ट्रैक्टर को जब्त कर विवेचना शुरू कर दी है।

Search

Archives