Home » ठंड से ग्रामीण की मौत! यात्री प्रतीक्षालय में मिला शव
कोरबा

ठंड से ग्रामीण की मौत! यात्री प्रतीक्षालय में मिला शव

कोरबा। प्रदेश में कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना भी शुरू कर दिया है। जिले में एक ग्रामीण की मौत ठंड से होने की खबर है। छठी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पैदल लौट रहे 55 वर्षीय हरप्रसाद भैना की मौत ठंड में ठिठुरकर हो गई। ग्रामीण का शव बुधवार की सुबह कसईपाली के सलिहापारा स्थित यात्री प्रतीक्षालय में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

सरईसिंगार निवासी हरप्रसाद भैना मंगलवार को कटघोरा के रलिया गांव में आयोजित एक छठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे शाम को खाना खाकर अपने घर के लिए पैदल ही रवाना हो गए। लंबी दूरी तय कर वह चाकाबुड़ा के पास सलिहापारा पहुंचा।  ऐसी आशंका जताई जा रही है कि रात ज्यादा हो जाने व थक जाने से यात्री प्रतीक्षालय में ही रात बिताने ग्रामीण मन बनाया और सुबह होते तक ग्रामीण की ठंड से मौत हो गई।

बुधवार की सुबह जब ग्रामीण उस यात्री प्रतीक्षालय से गुजरे, तो उन्होंने हरप्रसाद भैना के शव को देखा। शव अकड़ी हुई हालत में थी, जिससे ग्रामीणों को ठंड में ठिठुरकर मौत होने की आशंका हुई। तुरंत ही इसकी सूचना सरपंच उमा बाई पति रामकुमार मरकाम को दी गई, जिन्होंने आगे डायल 112 को सूचित किया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान की। मृतक की जेब से मिले पर्स में हरप्रसाद भैना, सरईसिंगार लिखा था, जिससे उनकी पहचान हो सकी। दीपका थाना और सरईसिंगार को भी सूचित किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि शव की स्थिति और मौके के हालात को देखते हुए ठंड लगने से ही उनकी मौत हुई होगी। हालांकि, मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

बता दें जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे पारा न्यूनतम स्तर 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। बुधवार की रात को भी पारा 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ऐसे में लोगों को ठंड से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

Search

Archives