कोरबा। कोरबा-बालको मुख्य मार्ग पर चेक पोस्ट के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
टक्कर के बाद चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बालको पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार चारों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना है। बालको मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार के कारण हादसे हो रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







