Home » जंगल में मिली युवती की अधजली लाश की गुत्थी सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार
कोरबा

जंगल में मिली युवती की अधजली लाश की गुत्थी सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार

 कोरबा। पाली पुलिस ने जंगल में मिली युवती की अधजली लाश की गुत्थी सुलझा ली है।  आरोपी ने अपने ड्राइवर के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर लाश को बगदरा जंगल में पेट्रोल डालकर जला दिया था। मामले में पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार किया है वहीं घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक – CG 12 AG 9226 को जप्त कर लिया है।

दरअसल 3 मार्च को प्रार्थी परदेशी दास पिता – अर्जुन दास,  60 वर्ष  निवासी बगदरा, थाना पाली ने सूचना दी कि वह अपने पुत्र के साथ लकड़ी लेने गिधराईलमाड़ा पहाड़ किनारे गया था, जहां एक अज्ञात महिला (उम्र 20-30 वर्ष) का अधजला शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग क्रमांक – 19/2025 धारा 194 BNS दर्ज कर जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान शशिकला पुलस्त निवासी ग्राम लाद, थाना कोरबी के रूप में हुई। मृतका के भाई अशोक ने शव के अवशेषों में पहनी गई अंगूठी और ब्रेसलेट से उसकी पहचान की। पूछताछ में पता चला कि शशिकला वर्ष 2018 से आरोपी मिलन दास महंत जो हाई स्कूल शिक्षक है के साथ रह रही थी।

हत्या की साजिश एवं वारदात:  शशिकला आरोपी मिलन दास से लगातार पैसों की मांग कर रही थी, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या की साजिश रची।  28 फरवरी की रात करीब 11-12 बजे आरोपी मिलन दास और उसका ड्राइवर सावन यादव ने मिलकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए स्कॉर्पियो वाहन (CG 12 AG 9226) में डालकर बगदरा जंगल ले गए और पेट्रोल डालकर जला दिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी : मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम ने नंदलाल होटल पाली के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। उनके बताए अनुसार घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को गवाहों की उपस्थिति में जप्त किया गया। पाली पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी  मिलन दास महंत पिता – कपिल दास 46 वर्ष, निवासी  रंगोले, थाना पाली  व सावन यादव पिता  मेलराम यादव 30 वर्ष, निवासी  रंगोले, थाना पाली जिला कोरबा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Search