Home » गेवरा-दीपका के शिव मंदिर तालाब में त्रासदी : तीन क्विंटल मछलियों की मौत से हड़कंप
कोरबा छत्तीसगढ़

गेवरा-दीपका के शिव मंदिर तालाब में त्रासदी : तीन क्विंटल मछलियों की मौत से हड़कंप

कोरबा। गेवरा-दीपका स्थित सुप्रसिद्ध बड़े शिव मंदिर के तालाब में पिछले तीन दिनों से मछलियों की मौत का सिलसिला जारी है। अब तक अनुमानित तौर पर तीन क्विंटल से अधिक मछलियां दम तोड़ चुकी हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति में हड़कंप मच गया है।

मामले की शुरुआत बुधवार सुबह हुई, जब तालाब में कुछ मछलियां मृत पाई गईं। शुरुआत में इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज कर दिया गया और मृत मछलियों को बाहर निकाल दिया गया, लेकिन गुरुवार और शुक्रवार को अचानक भारी संख्या में मछलियां सतह पर उतराने लगीं। शुक्रवार शाम होते-होते स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मंदिर के पुजारी, स्थानीय नागरिकों और पुलिस प्रशासन को मौके पर पहुंचना पड़ा।

विशेषज्ञों के अनुसार, मछलियों की मौत का मुख्य कारण पानी में ऑक्सीजन की कमी या फंगल इन्फेक्शन हो सकता है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मंदिर समिति के प्रमुख भानु सिंह के नेतृत्व में तत्काल राहत कार्य शुरू किए गए हैंः

नया पानीः बोरवेल चलाकर तालाब में ताजे पानी की आपूर्ति की जा रही है, ताकि ऑक्सीजन का स्तर में सुधार हो सके।
उपचारः सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक सिंह और एएसआई जितेश सिंह ने सक्रियता दिखाते हुए बाजार से चूना, नमक और ब्लीचिंग पाउडर मंगाकर तालाब में छिड़काव कराया है।
विशेषज्ञ सलाहः पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए मत्स्य विशेषज्ञों और डॉक्टरों से लगातार संपर्क साधा जा रहा है। स्थानीय मछली विक्रेताओं से भी इस संकट से निपटने के लिए सुझाव लिए जा रहे हैं।

फिलहाल, प्रशासन और स्थानीय लोग बची हुई मछलियों को बचाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास कर रहे हैं।

Search

Archives