कोरबा। जिले में एक बड़ी दर्दनाक घटना घटित हुई, जिसने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रिसदी तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। तीनों मृतक बच्चे पुलिसकर्मियों के पुत्र थे। पुलिस परिवार के तीन बच्चों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मच गया है वहीं पूरा पुलिस परिवार शोक में डूब गया है।
प्रारंभिक सूचनाओं के मुताबिक कोसाबाड़ी से रिसदी मार्ग में स्थित पुलिस लाइन कॉलोनी के 3 लड़के आज निकट ग्राम रिसदी स्थित तालाब गए हुए थे। यहां तालाब में नहाने के दौरान ये तीनों बच्चे डूब गए। इन्हें बचाने की कोशिश की गई, किंतु जब तक इन्हें बाहर निकाला जा सका, उनकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। जिला अस्पताल में तीनों बच्चों को लाया गया जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत सभी को मृत घोषित कर दिया। तीनों बच्चों की उम्र 11 से 13 साल के मध्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतकों में युवराज सिंह ठाकुर (9 वर्ष) , आकाश लकड़ा (13 वर्ष) और प्रिंस जगत (12 वर्ष) शामिल हैं। तीनों बालक पुलिस लाइन क्षेत्र के रहने वाले थे और तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा एसपी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया, लेकिन जब तक बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, वे दम तोड़ चुके थे। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पुलिस लाइन में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिसदी तालाब गहरा है और पहले भी यहां डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके सुरक्षा की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को बिना निगरानी तालाब या नदी-नालों में न जाने दें। फिलहाल तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना से पूरा पुलिस महकमा और शहर गमगीन है।







