कोरबा। कटघोरा थाना अंतर्गत कसनिया में बुधवार देर रात सिकन्दर मेमन के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कुल 3 आरोपियों दुर्गेश पांडेय सहित हर्ष सिंह, आशीष जांगड़े को गिरफ्तार किया है। इन सभी को न्यायालय में पेश कर कटघोरा उपजेल दाखिल करा दिया गया है।
मुख्य आरोपी शक्ति सिंह फरार है। घटना दिनाँक 24 सितम्बर की रात हिरासत में लिए गए आरोपी उत्तरप्रदेश के निवासी दुर्गेश पाण्डेय ने पूछताछ में स्वीकार किया कि पहले तौसीफ मेमन के पैर पर गोली चलाने की योजना थी, लेकिन बाद में उसके घर पर गोली चलाई गई। उसे 10 हजार रुपये इस काम के लिए मिला था। फ़ायरिंग के बाद वह बस से भागने की फिराक में था, किन्तु स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण पकड़ लिया गया।
पुलिस ने वारदात में उपयोग बाइक क्रमांक सीजी 12-एम 3082 जप्त किया है। वारदात में इस्तेमाल किए गए कारतूस खाली खोखा को कल रात ही बरामद कर लिया था। टीआई के साथ टीम ने आरोपी दुर्गेश की निशानदेही पर देशी कट्टा आज गुरुवार को कसनिया स्कूल के पास पाइप और झाड़ी के बीच से बरामद किया जो फायरिंग के बाद फेंक दिया गया था।
देशी कट्टा को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामला पुराने रंजिश और प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। मुख्य आरोपी शक्ति सिंह की गिरफ्तारी होने के बाद ही पूरा खुलासा हो सकेगा कि घटना को आखिर किस वजह से अंजाम दिया गया। फिलहाल एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में पूरे प्रकरण की जांच जारी है।







