Home » सूने मकान से चोरी : एक लाख नकद सहित जेवरात ले उड़े चोर, खिड़की तोड़कर दिया घटना को अंजाम
कोरबा

सूने मकान से चोरी : एक लाख नकद सहित जेवरात ले उड़े चोर, खिड़की तोड़कर दिया घटना को अंजाम

कोरबा।  सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरपारा कोहड़िया स्थित बाबाडेरा बस्ती में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान की खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और 1 लाख रुपये नकद समेत सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोरी के बाद चोरों ने फ्रिज में रखा बासी खाना भी खाया।

मकान मालिक संजय केवट ने इस घटना की शिकायत सीएसईबी चौकी पुलिस में दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, संजय केवट अपनी पत्नी और बच्चों के साथ जांजगीर-चांपा में एक पारिवारिक बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनके सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। जब परिवार वापस लौटा और घर का ताला खोला, तो सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे चोरी की आशंका हुई। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे 1 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब हैं। कुल मिलाकर लगभग ढाई लाख रुपये की चोरी हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने कुछ पेटी और अन्य सामान घर के बाहर बाड़ी में फेंक दिया और फरार हो गए। मकान मालिक संजय केवट ने बताया कि वे चौपाटी में फास्ट फूड की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। चोरी से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले में सीएसईबी चौकी में पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ।

Search

Archives