होटल से 14 हजार और चांदी की पायल चोरी, स्थानीय जानकार के शामिल होने की आशंका
कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंचाई कॉलोनी चौक में दुर्गा मंदिर के पास स्थित गंगा होटल और मोती किराना दुकान में एक साथ चोरी की घटना घटित हुई हैं। दोनों दुकानें दर्री थाना से महज कुछ ही दूरी पर मुख्य सड़क पर स्थित हैं।
जानकारी के अनुसार चोर पीछे के रास्ते से पहुंचे और टीन का छप्पर तोड़कर दुकानों में दाखिल हुए। चोरी के बाद उन्होंने छप्पर पर दोबारा ईंटें रख दीं, ताकि वारदात का तुरंत पता न चले।
गंगा होटल के संचालक सुजीत साहू ने बताया कि 26 अक्टूबर को उनकी स्वर्गीय मां की बरसी है। आयोजन के लिए उन्होंने करीब 14 हजार रुपए जोड़कर गल्ले में रखे थे। इसमें छोटे नोट और सिक्के भी शामिल थे। चोर पूरी रकम ले गए और एक भी सिक्का नहीं छोड़ा। उन्होंने बताया की होटल से चांदी की एक भारी पायल और सिगरेट भी चोरी हुई है। वहीं पास की मोती किराना दुकान से दो कट्टा चावल चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
प्रार्थी ने वारदात में स्थानीय और जानकार व्यक्ति के शामिल होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जिस तरह पीछे के रास्ते से आकर छप्पर तोड़ा गया और बाद में उसे ईंटों से ढक दिया गया, उससे लगता है कि आरोपी को दुकानों और वहां आने-जाने के रास्ते की पूरी जानकारी थी। दोनों दुकानदारों को चोरी की जानकारी सुबह करीब 7.30 बजे दुकान पहुंचने पर हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल दर्री थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
दर्री थाना प्रभारी तेज कुमार यादव ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। बयान दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है और मामले की जांच-पड़ताल जारी है।







