कोरबा। बीती रात कटघोरा थाना क्षेत्र के जेजरा चौक के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवक घायल हो गए। टक्कर के बाद घायल सुनसान सड़क किनारे अंधेरे में पड़े रहे। इसी दौरान बांगो डैम से रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लौट रही जिला नगर सेना की टीम की नजर घायलों पर पड़ी। टीम ने तुरंत मदद करते हुए 112 की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार हादसे में घायल तीन युवकों में से दो की हालत गंभीर है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है, जबकि तीसरे घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। हादसे की सूचना पर घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे।
स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय सुनसान इलाके में हादसा होने के कारण घायलों को तत्काल मदद नहीं मिल पाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। पुलिस ने वाहन चालकों से रात में सावधानी से वाहन चलाने, तेज रफ्तार से बचने और हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की है।







