Home » ज्वैलर्स को लूटने वालों का सुराग नहीं, पुलिस ने जारी किए फोटोग्राफ्स, बताने वाले को मिलेगा इनाम
कोरबा छत्तीसगढ़

ज्वैलर्स को लूटने वालों का सुराग नहीं, पुलिस ने जारी किए फोटोग्राफ्स, बताने वाले को मिलेगा इनाम

कोरबा। छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लूट की कोशिश करने वाले तीन नकाबपोश बदमाश घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने पर कोरबा पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर फरार बदमाशों के सीसीटीवी फोटोग्राफ्स सार्वजनिक किए गए हैं। साथ ही उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 10 हजार रुपये के नगद इनाम की घोषणा की गई है।

जानकारी के अनुसार 1 जुलाई 2026 को कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में तीन नकाबपोश बदमाश लूट की नीयत से घुसे थे। बदमाशों ने दुकान संचालक को देशी कट्टा दिखाकर आतंकित किया और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद लूट की कोशिश की, लेकिन वारदात पूरी होने से पहले ही मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद प्रार्थी की शिकायत पर कटघोरा थाना में अपराध क्रमांक 237/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 309(6) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीनों संदिग्धों की तस्वीरें सामने आईं। अब इन्हीं फोटोग्राफ्स को सार्वजनिक कर आम लोगों से सहयोग मांगा गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के पास आरोपियों के संबंध में ऐसी विश्वसनीय जानकारी है, जिससे उनकी गिरफ्तारी संभव हो सके, तो उसे 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

सूचना देने के लिए संपर्क करें-

पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा – 07759-224500
थाना कटघोरा – 07815-250331
पुलिस कंट्रोल रूम, कोरबा – 07759-224031, 07759-222483

Search

Archives