Home » कोरबा: सूने मकान से नगदी व 50 तोला वजनी चांदी के जेवर की चोरी
कोरबा छत्तीसगढ़

कोरबा: सूने मकान से नगदी व 50 तोला वजनी चांदी के जेवर की चोरी

कोरबा। जिले में शातिर चोरों ने सूने मकान में धावा बोल दिया। चोर दरवाजे में लगा ताला तोड़कर मकान के भीतर पहुंचे। कमरे में रखे तीन आलमारियों को खंगालने के बाद नगदी के अलावा करीब 50 तोला वजनी चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी आसपास रहने वाले लोगों ने परिवार को दी। मामले में पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है।

घटना सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत पंप हाऊस झोपड़ी पारा की है। बताया जा रहा है कि बस्ती में माधुरी पांडेय निवास करती हैं। उनके दो पुत्र जांजगीर व चांपा में निवासरत हैं। बीते कुछ दिनों से श्रीमती पांडेय की तबीयत ठीक नही थी। वे अपने पुत्रों के साथ इलाज के लिए रायपुर गई थी, जहां से लौटने के बाद पुत्र के पास ही ठहरी थी। उनके मकान में ताला लटक रहा था। सुबह पड़ोस में रहने वाला एक युवक घर में सामने टहल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर श्रीमती पांडेय के मकान में दरवाजे पर लगे ताले पर गई। दरवाजे से ताला गायब था। उसने करीब जाकर देखा तो ताला टूटा मिला। जिसकी जानकारी युवक ने आसपास रहने वाले लोगों को दी। उन्होने मामले से श्रीमती पांडेय को अवगत कराया।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने मकान के भीतर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा मिला। शातिर चोरों ने कमरे में रखे तीन आलमारी तोड़े थे। चोरों ने आलमारी में रखे नगदी रकम के अलावा करीब 50 तोला वजनी चांदी के जेवर को पार कर दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। साथ ही डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों की पतासाजी कर रही है।

Search

Archives