कोरबा। सीएसईबी अस्पताल के पास दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करंट की चपेट में आकर एक युवक की जान पर बन आई। युवक करंट की चपेट में आने के बाद गड्ढे में गिर गया और तड़पने लगा। लोग तमाशबीन बनकर नजारा देखते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को किसी तरह गड्ढे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के दर्री थाना इलाके में सीएसईबी अस्पताल के पास पानी से भरे गड्ढे में एक युवक तड़पता दिखा। बताया जा रहा है कि उक्त स्थल पर करेंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आने के बाद युवक गड्ढे में गिर गया। बुरी तरह झुलसने की वजह से युवक पानी में ही पड़ा रहा। उसे तड़पता देख आसपास लोग एकत्र हो गए, लेकिन किसी ने युवक की मदद नहीं की। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद थे। लोग उसकी मदद करने के बजाए लोग तमाशबीन बने रहे। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक युवक तड़पता रहा। हालांकि सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दर्री रोबिनशन गुड़िया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कर्मियों को तुरंत मौके के लिए रवाना किया। पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल पहुंचाया। युवक की स्थिति खतरे के बाहर बताई जा रही है।







