बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत अरपा नदी में रविवार की सुबह युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे अरपा नदी छठ घाट के सामने देवरीडीह मुक्तिधाम के पास नदी में शव तैरता हुआ दिखाई पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पहचान के लिए शव की जानकारी आसपास के थानों और ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। कुछ ही देर में मृतक की पहचान यतेन्द्र कुमार गुप्ता 37 वर्ष पिता रमाकांत गुप्ता निवासी ग्राम गनियारी थाना कोटा के रूप में हुई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि यतेन्द्र 18 सितंबर गुरूवार को शाम करीब चार बजे घर से निकले थे, इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन रविवार को उनकी लाश नदी से बरामद हुई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल तोरवा थाना पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है, इसकी जांच में जुटी है।







