Home » कुएं में मिली युवक की लाश, मछली पकड़ने निकला था
कोरबा

कुएं में मिली युवक की लाश, मछली पकड़ने निकला था

कोरबा। मछली पकड़ने के लिए कांटा लेकर घर से निकले युवक की लाश विगत शाम डूमरडीह नाला के समीप कुएं में मिली है। लाश मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए कोरकोमा पीएचसी के चीरघर भेज दिया है।मिली जानकारी के अनुसार रजगामार चौकी क्षेत्रांतर्गत डूमरडीह बस्ती निवासी कालेश्वर प्रसाद राठिया उम्र 25 पिता सूरीतलाल राठिया विगत शाम 4 बजे परिजनों को मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकला था। वह मछली फंसाने वाला कांटा भी रखा हुआ था। उसने देर से घर लौटने की बात कही। उसने परिजनों से यह भी कहा कि मछली फंसेगी तो लौट आऊंगा और नहीं फंसी तो कांटा फंसाकर नाले में छोड़ दूंगा और सुबह फंसी हुई मछलियों को निकालकर लाऊंगा। देर रात 10 बजे तक कालेश्वर राठिया घर नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो गए। परिजन बस्ती के ही दामोदर राठिया के साथ उसकी तलाश में निकले। इसके बावजूद भी कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह सुरीत लाल ग्राम पंचायत के वार्ड पंच किशन कुमार एवं अपने दोस्त दामोदर राठिया के साथ पुत्र की तलाश में निकले। इसी बीच कच्चे कुएं में उसके पुत्र की लाश दिखाई पड़ी। वार्ड पंच के साथ रजगामार पुलिस को मामले की सूचना दी। चौकी प्रभारी अजय सिंह ठाकुर ने शून्य पर मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई हेतु प्रधान आरक्षक गुरूवार सिंह कंवर व स्टाफ को घटना स्थल के लिए रवाना किया।

Search

Archives