Home » शराब पीकर यात्री बस चलाने वाले चालकों पर कड़ी कार्यवाही, लाइसेंस होगा निरस्त
कोरबा

शराब पीकर यात्री बस चलाने वाले चालकों पर कड़ी कार्यवाही, लाइसेंस होगा निरस्त

कोरबा।  जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में थाना पसान पुलिस द्वारा वाहन जांच के दौरान एक यात्री बस के चालक को शराब का सेवन कर वाहन चलाते हुए पाया गया। जांच के दौरान बस की डिक्की में नियमों के विपरीत बकरियों का परिवहन किया जाना भी पाया गया। पुलिस द्वारा संबंधित चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है। साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है।

इसी प्रकार थाना दर्री क्षेत्र में एक यात्री बस चालक द्वारा लापरवाही एवं तेज गति से वाहन चलाते हुए दो गुमटियों एवं एक कार को क्षतिग्रस्त कर दुर्घटना कारित की गई। जांच के दौरान चालक द्वारा शराब का सेवन कर वाहन चलाना भी पाया गया। पुलिस द्वारा चालक के विरुद्ध विधिसम्मत वैधानिक कार्यवाही करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

कोरबा पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही जारी रहेगी।

Search

Archives