Home » स्ट्रीट लाइट पोल गिरा, पेड़ की टहनी टूटकर गिरने से हुआ हादसा
कोरबा

स्ट्रीट लाइट पोल गिरा, पेड़ की टहनी टूटकर गिरने से हुआ हादसा

कोरबा। शारदा विहार रेलवे क्रॉसिंग के पास आवासीय क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर लगा स्ट्रीट लाइट पोल बीती रात धराशायी हो गया। बताया जा रहा है कि पास में लगे पेड़ की बड़ी टहनी टूटकर गिरने से यह स्थिति निर्मित हुई। सुखद पहलू यह रहा कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

नगर पालिका निगम द्वारा पिछले वर्ष रेलवे क्रॉसिंग से बायपास रोड कनेक्टिविटी तक रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट पोल लगाए गए थे। इसी व्यवस्था का एक पोल बीती रात अचानक गिर गया। सुबह स्थानीय लोगों ने सडक़ पर गिरे पोल और उसके पास पड़ी पेड़ की टूटी हुई टहनी को देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई।

स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश और तेज हवा के कारण पेड़ की भारी टहनी टूटकर स्ट्रीट लाइट पोल पर गिरी, जिससे पोल क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर धराशायी हो गया।  लोगों ने राहत जताई कि इस दौरान कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया।

Search