Home » चिकन का भाव पूछते ही दुकान संचालक ने ग्राहक से की मारपीट, अपराध दर्ज
कोरबा

चिकन का भाव पूछते ही दुकान संचालक ने ग्राहक से की मारपीट, अपराध दर्ज

कोरबा। चिकन का भाव पूछना एक मजदूर को इतना महंगा पड़ा कि दुकानदार और उसके बेटे ने उसे डंडे से पीट-पीटकर घायल कर दिया। मामला श्यांग थाना के ग्राम गुरमा के मांगुल बंजारा के पास स्थित चिकन दुकान का है। गुरमा निवासी रासराम मंझवार पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित ग्राम गुरमा का निवासी है और रोजी मजदूरी करता है।वह मांगुल बंजारा के पास चिकन दुकान में चिकन खरीदने पहुंचा। उसने दुकानदार से अच्छी चिकन काट देने को कहा तो दुकानदार ने टाइम लगने की बात कही। जब पीड़ित ने चिकन का भाव पूछा तो दुकानदार ने 200 रुपये किलो खड़ा चिकन बताया।

पीड़ित रासराम मंझवार ने कहा कि दूसरे गांव में इसका भाव कम है। इतना सुनते ही दुकानदार भड़क गया और गुस्से में आकर उसे दुकान से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि दुकानदार ने मां-बहन की गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी।

धमकी के बाद दुकानदार मांगुल बंजारा ने अपने बेटे राहुल बंजारा और दुकान में काम करने वाले मंदीरदास महंत को बुला लिया। तीनों ने मिलकर पीड़ित की बेरहमी से पिटाई  कर दी। राहुल बंजारा ने पास में रखे डंडे से पीड़ित के सिर, आंख के पास, पीठ, कमर और पैर पर कई वार किए। डंडे की चोट से पीड़ित की आंख के पास से खून निकल आया। बाकी शरीर पर भी चोटों के निशान हैं।

मारपीट की आवाज सुनकर आसपास के गजानंद मंजवार और फूलबाई मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। घटना के बाद पीड़ित ने घर पहुंचकर पत्नी गीताबाई को पूरी बात बताई और पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर FIR दर्ज कर ली है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मामूली बात पर इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना न दोहराए। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Search