कोरबा। SECL कोरबा क्षेत्र की मानिकपुर परियोजना में पदस्थ असिस्टेंट मैनेजर की पत्नी का शव फांसी के फंदे पर लटकते हुए कमरे में मिली। पुलिस को मामला सन्देहास्पद लग रहा है। मामला मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
मंगलवार को श्रीति सिंह 37 वर्ष का शव एसईसीएल के ऑफिसर्स कालोनी स्थित आवास में मिलने की खबर आम हुई। घटना के वक्त असिस्टेंट मैनेजर राजीव सिंह ड्यूटी पर थे। घटना का पता तब चला जब बड़े बेटे ने छोटे भाई के रोने की आवाज सुनकर घर में देखा, तो मां फंदे पर झूलती दिखी। उसने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी।
पड़ोसियों ने राजीव सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी। वे तुरंत घर पहुंचे और पत्नी को एसईसीएल के विभागीय अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटनाक्रम से मृतका के 7 वर्ष और महज 14 माह के बच्चों के सिर से मां का आँचल छिन गया है।
पुलिस चौकी प्रभारी एसआई नवीन पटेल के मुताबिक मामला संदिग्ध लग रहा है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया है जिसके द्वारा घटनास्थल कमरे की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद ही सम्भवतः बुधवार को पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाया गया है।







