कोरबा । जिले में पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही बारिश से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ढोढ़ीपारा भैंस खटाल बस्ती में बारिश से एक घर की छत ढह गई। 1 जुलाई की रात उतरा कुमार का परिवार घर के अंदर सो रहा था। तभी अचानक लेंटर का बरामदा और बाथरूम धराशाई हो गया।
जिले के अलग-अलग इलाकों में कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है। इधर हसदेव नदी का जल स्तर भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना जताई है। कोरबा समेत 16 जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, छत ढहने से हादसे में बाइक, वाशिंग मशीन, पानी टैंक समेत कई सामान दब गए। पीड़ित परिवार ने बताया कि तीन साल पहले बना यह निर्माण अचानक धंस गया। सौभाग्य से कोई हताहत नहीं हुआ है।







