Home » पेंड्रा रोड -कोरबा मुख्य मार्ग कीचड़ से सराबोर, लैगा बाजार के पास दो ट्रक फंसे, लगा लंबा जाम
कोरबा छत्तीसगढ़

पेंड्रा रोड -कोरबा मुख्य मार्ग कीचड़ से सराबोर, लैगा बाजार के पास दो ट्रक फंसे, लगा लंबा जाम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेंड्रा रोड से कोरबा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की हालत इन दिनों बेहद दयनीय हो गई है। जटगा से लैगा बाजार के बीच सड़क पूरी तरह कीचड़ से सराबोर हो गई है।

शुक्रवार की सुबह लैगा बाजार के पास दो बड़े मालवाहक ट्रक कीचड़ में धंस गए। एक ट्रक सड़क के बीचों-बीच फंस गया और दूसरा उसे क्रॉस करने के चक्कर में साइड में फंस गया। दोनों ट्रकों के फंसने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।

दोनों तरफ लगा जाम, बस यात्री सबसे ज्यादा परेशान

सड़क बंद होने से जटगा से लेकर पेंड्रा रोड तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। सबसे ज्यादा परेशानी बस में सफर कर रहे यात्रियों को हो रही है। यात्रियों को बस से उतरकर कीचड़ में पैदल चलना पड़ रहा है। छोटे वाहन, बाइक सवार भी नहीं निकल पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 2 घंटे से जाम लगा हुआ है।

ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला

प्रशासन की ओर से अब तक कोई मदद नहीं पहुंची है। स्थानीय ग्रामीण और ट्रक ड्राइवर खुद ही लकड़ी और फावड़े से कीचड़ निकालकर ट्रक निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भारी कीचड़ के कारण ट्रक निकल नहीं पा रहा है।

हर साल का यही हाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बरसात में इस रोड का यही हाल होता है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनमें पानी भरने से पूरी सड़क तालाब बन जाती है। कई बार शिकायत के बाद भी सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं की गई।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पीडब्ल्यू विभाग से मांग की है कि तुरंत जेसीबी भेजकर जाम खुलवाया जाए और इस मार्ग की पक्की मरम्मत की जाए, ताकि रोजाना आने-जाने वाले सैकड़ों ग्रामीणों और यात्रियों को राहत मिल सके।

Search

Archives