Home » मार्ग की बदहाली पर आक्रोश : कीचड़ से भरी सड़क पर छाता ओढ़कर धरने पर बैठे पांच गांवों के लोग
कोरबा

मार्ग की बदहाली पर आक्रोश : कीचड़ से भरी सड़क पर छाता ओढ़कर धरने पर बैठे पांच गांवों के लोग

कोरबा।  मिनीमाता बांगो बांध मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। बारिश के बीच पांच गांवों के ग्रामीणों ने छाता ओढ़कर कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 10 साल से इस मार्ग की हालत खराब है। सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो रहे हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाता है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। आए दिन ग्रामीण हादसे का शिकार होते हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत के नाम पर प्रशासन केवल गड्ढों में मिट्टी डालकर खानापूर्ति करता है। बारिश होते ही यह मिट्टी बह जाती है और सड़क दोबारा उसी स्थिति में पहुंच जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है और कई पंचायतों के गांव इसी सड़क से जुड़े हैं। मिनीमाता बांगो बांध एक पर्यटन स्थल भी है, जिसके कारण दूसरे जिलों और राज्यों से पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क का गुणवत्तापूर्ण मरम्मतीकरण हो जिससे स्कूली बच्चों के के साथ ही इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े ।

Search