Home » ऑनलाइन शॉपिंग : प्रोटीन पाउडर की बजाय निकला चावल-गेहूं का आटा, ग्राहक ने उपभोक्ता फोरम में की शिकायत
कोरबा

ऑनलाइन शॉपिंग : प्रोटीन पाउडर की बजाय निकला चावल-गेहूं का आटा, ग्राहक ने उपभोक्ता फोरम में की शिकायत

कोरबा। ऑनलाइन शॉपिंग लोगों को सुविधा तो दे रहा है, लेकिन कई बार यह महंगा भी साबित हो रहा है। ऐसा ही एक मामला रवि शंकर शुक्ला नगर से सामने आया है, जहां एक शख्स को ई कॉमर्स वेबसाइट फ्लिपकार्ट से प्रोटीन पाउडर मंगाना भारी पड़ गया।

रवि शंकर शुक्ला नगर के निवासी व्यापारी उत्तम चंद्र गोयल ने बताया कि उन्होंने फ्लिपकार्ट के जरिए प्रोटीन पाउडर का ऑर्डर दिया था। जब प्रोडक्ट उनके पास पहुंचा और उन्होंने उसकी पैकिंग खोली, तो अंदर प्रोटीन पाउडर के बजाय गेहूं और चावल का मिलावटी आटा था। मामले की शिकायत व्यापारी ने उपभोक्ता फोरम और खाद विभाग से की है।

उत्तम चंद्र गोयल ने बताया कि उन्होंने इस धोखाधड़ी की शिकायत करने के बाद भी एक बार फिर से उसी प्रोडक्ट का ऑर्डर दिया ताकि वे इस जालसाजी को साबित कर सकें। जब ई-कार्ट का डिलीवरी स्टाफ दोबारा सामान लेकर उनके घर पहुंचा, तो उत्तम चंद्र गोयल ने उनके सामने ही पैकेट खोला। इस बार भी पैकेट के अंदर वही मिलावटी आटा निकला।

इस घटना के बाद उत्तम चंद्र गोयल ने ऑनलाइन शॉपिंग को लेकर अपनी निराशा जाहिर की है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि वे फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों से सामान मंगाने से बचें, क्योंकि ऐसी धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना का वीडियो भी बनाया गया है, जिसे उन्होंने लोगों के बीच साझा किया है ताकि अन्य लोग भी सतर्क हो सकें।

उत्तम चंद्र गोयल ने बताया कि उनकी बोलबम ट्रेडर्स के नाम से दुकान है और उसने इससे पहले भी एक बार सामान मंगाया था, जहां उसे लगा कि गलती से हुआ होगा, लेकिन उसने दोबारा सामान मंगवाया और उसके साथ फिर से वही घटना घटी। उसे इसमें लगभग 5 से 6 हजार का नुकसान हुआ है।

डिलीवरी बॉय नवजीत सिंह ने बताया कि वह कंपनी से आए हुए सामान को लेकर डिलीवरी करने आया हुआ था, जहां उसने समान को खोलकर देखा तो उसमें आटा निकला। इसकी शिकायत कंपनी के जरिए की है, वहीं संबंधित एजेंसी को इसकी जानकारी दे दी गई है। यह मामला एक बार फिर ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है। उपभोक्ताओं की सुरक्षा और सही उत्पाद की डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कंपनियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठने लगी है।

Search

Archives