कोरबा। पथर्रीपारा में उस समय हड़कंप मच गया जब लोगों ने सपेरे के पिटारा को एक व्यक्ति के मेन गेट में लावारिस हालत में देखा। दरअसल एक सपेरा सांप दिखाने के लिए आया था, लेकिन वह अचानक अपना पिटारा एक आवास के गेट के पास रखकर कहीं चला गया। इसके बाद वापस नहीं आया। कुछ ही देर बाद जब लोगों की नजर उस पर पड़ी तो लोगों में दहशत फैल गई। तुरंत Reptile Care and Rescuer Society (RCRS) से संपर्क किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप का सफल रेस्क्यू किया।
स्थानीय लोगों की मानें तो सुबह से ही सपेरा बस्ती में घर-घर जाकर लोगों को सांप दिखाकर चावल और पैसे की मांग कर रहा था। जहां पथर्रीपारा निवासी रमेश कुमार के घर के गेट के पास सपेरा सांप के पिटारा को छोड़कर वहां से चला गया। वहीं घर के आंगन में खेल रही बच्ची की नजर उस सांप के पिटारे पर पड़ी और उसे खेलने का सामान समझकर उस सांप के पिटारे के पास जाने लगी। सड़क पर गुजर रहे लोगों की नजर उस बच्ची पर पड़ी तो उस बच्ची को पिटारे के पास जाने से रोका गया। इसके बाद RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव को इसकी जानकारी दी गई। सूचना पाकर पहुंची टीम ने सांप का सपफल रेस्क्यू किया। सपेरे के पिटारा में 6 फीट लंबा सांप था। सांप के रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।







