कोरबा। बीच सड़क पर एक वाहन में अचानक आग लग गई। बोनट से धुआं उठता देख ड्राइवर ने कूदकर जान बचाई। देखते ही देखते जीप आग का गोला बन गया। कुछ देर में ही पूरी जीप जलकर खाक हो गई।
बुधवार शाम करीब छह बजे की यह घटना दर्री बराज के पास मेजर ध्यानचंद चौक की है। बताया जा रहा है कि कंपनी की जीप लेकर ड्राइवर ट्रायल पर था और प्लांट की ओर लौट रहा था। तभी उसने देखा कि बोनट से धुआं उठ रहा है। उसने जीप से कूदकर खुद को बचाया। देखते ही देखते वाहन आग की लपटों से घिर गया।
कुछ लोगों ने उपकरण से आग बुझने का प्रयास किया पर कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेट को सूचना दी गई। करीब 20 मिनट बाद दमकल पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस घटना को देखने ब्रिज पर लोगों की काफी भीड़ लग गई थी।







