कोरबा। -कटघोरा मुख्य मार्ग पर छुरी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने आगे चल रहे ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ट्रेलर कोरबा से कटघोरा की ओर जा रहे थे। छुरी के पास पीछे चल रहे ट्रेलर के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आगे वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में ही फंस गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले ट्रैफिक को नियंत्रित किया। केबिन में फंसे ड्राइवर को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। 112 के कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे तक मशक्कत की।
केबिन में फंसे ड्राइवर को निकालना आसान नहीं था। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए दूसरी गाड़ी की मदद से टोचन कर ट्रेलर के क्षतिग्रस्त हिस्से को खींचा। काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस की तत्परता से ड्राइवर की जान बच गई। रेस्क्यू के बाद घायल ड्राइवर को तत्काल 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा भेजा गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल ड्राइवर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटवाया। करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पीछे वाले ट्रेलर ड्राइवर की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। कटघोरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन सावधानी से चलाएं। तेज रफ्तार और लापरवाही हादसों का कारण बनती है।







