कोरबा। पाली विकासखंड के लोहडिया गांव निवासी हरीश कुमार पोर्ते ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद माउंट युनम पीक पर तिरंगा फहराकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने यह उपलब्धि प्रसिद्ध पर्वतारोही बलजीत कौर के साथ हासिल की।
पहाड़ों में हरीश लगातार रिकॉर्ड बना रहे हें। उन्होंने सिर्फ 7 दिन में एवरेस्ट बेस कैंप ट्रैक पूरा किया और पिछले महीने मनाली के एबीवीआई एमएएस संस्थान से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स भी किया। अब उनकी नजरें 1 अगस्त 2026 से केवाई 1 और केवाय 2 चोटियों पर है। अगर सफल हुए तो लगातार दोनों चोटी फतह करने वाले छत्तीसगढ़ के पहले युवा बनेंगे। उनका अंतिम लक्ष्य जुलाई 2027 तक माउंट एवरेस्ट पर भारत और छत्तीसगढ़ का झंडा फहराना है। लेकिन पर्वतारोहरण के भारी खर्च के कारण हरीश को आर्थिक मदद की दरकार है।
उन्होंने मुख्यमंत्री, कलेक्टर और स्थानीय विधायक से सहयोग मांगा, पर अब तक सिर्फ आश्वासन मिला है। हरीश का कहना है कि मै हार नहीं मानूंगा। मुझे पूरा भरोसा है कि कहीं सपोर्ट जरूर मिलेगा। राज्य सरकार, प्रशासन और उद्योगपतियों से अपील है कि वे भारत के इस उभरते खिलाड़ी की मदद करें, ताकि तंगी के कारण इसका एवरेस्ट का सपना अधूरा न रह जाए।







