कोरबा। जिले भर में बुधवार से गणेश स्थापना का दौर शुरू हो जाएगा। श्रद्धालुओं जमकर तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस बीच एक खबर निकलकर सामने आ रही है। जिले के विभिन्न वार्डो की गलियों में सड़क से लगकर गणेश पंडाल का निर्माण शुरू कर दिया गया है। ऐसे में आवागमन प्रभावित होने की संभावना है। प्रशासन को चाहिए कि समय रहते इस ओर ध्यान दिया जाए, ताकि आवागमन करने वाले लोगों को किसी तरह कि परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जिले भर में विभिन्न समितियों ने गणेश पूजा के लिए भव्य पंडालों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। पंडाल सड़क पर न होकर किसी खुले मैदान में हो तो श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना में किसी तरह कि परेशानी नहीं होती, लेकिन गणेश पंडाल अगर सड़क से लगा हो तो यातायात प्रभावित होने से इंकार नहीं किया जा सकता। समितियों ने अपने क्षेत्र के पुलिस थानों और चौकियों से गणेश स्थापना हेतु अनुमति का आवेदन भी दिया है। पुलिस एवं प्रशासन को चाहिए कि पहले उक्त स्थल का मुआयना किया जाए कि पंडाल का निर्माण किस स्थल पर हो रहा है। इसके बाद ही पंडाल और गणेश स्थापना की अनुमति दी जाए। कई सालों से देखा जा रहा है कि समिति के पदाधिकारी पुलिस थाना व चौकियों में आवेदन देकर चले जाते हैं। पुलिस व प्रशासन इस बात से अनभिज्ञ रहते हैं कि गणेश पंडाल कहां स्थापित किया गया है। पुरानी बस्ती क्षेत्र में एक स्थान पर पंडाल लगाने क्रे लिए रोड को ही बांस से ब्लॉक कर दिया गया है। ऐसे में आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में आवागमन पर असर पड़ सकता है।







