Home » पूर्व मंत्री का सरकार को अल्टीमेटम : कोरबा कलेक्टर पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, हटाने की मांग
कोरबा

पूर्व मंत्री का सरकार को अल्टीमेटम : कोरबा कलेक्टर पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, हटाने की मांग

कोरबा। पूर्व गृहमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कलेक्टर को हटाने की मांग की है। उनका आरोप है कि कलेक्टर हिटलर प्रशासक की तरह काम कर रहे हैं और उनके खिलाफ सैकड़ों भ्रष्टाचार के मामले हैं।  ननकीराम कंवर ने कहा कि अगर कलेक्टर को नहीं हटाया गया तो वे शासन-प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठेंगे।

ननकीराम कंवर और कलेक्टर अजित वसंत के बीच का विवाद पहले से ही सुर्खियों में है. इससे पहले कलेक्टर ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को एक फेसबुक पोस्ट को लेकर नोटिस जारी किया था, जिसमें कलेक्टर पर निशाना साधा गया था। कलेक्टर का कहना था कि पोस्ट से शासन और प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है और यह सामाजिक वर्गों के बीच विद्वेष फैलाने की मंशा रखता है।

ननकीराम कंवर ने कलेक्टर अजित वसंत पर कई भ्रष्टाचार के मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है, जिनमें  स्व सहायता समूह की महिलाओं के साथ अरबों रुपये की ठगी और मालगांव व रलिया में करोड़ों रुपये का फर्जी मुआवजा शामिल है। उन्होंने सीएस, डीजीपी के अलावा प्रदेश भाजपाध्यक्ष और महामंत्री (संगठन) पवन साय को भी पत्र भेजकर कलेक्टर के खिलाफ शिकायत की है।

उन्होंने कहा है कि तीन दिवस के भीतर यदि अजीत बसंत कलेक्टर कोरबा का स्थानांतरण नहीं किया गया तो मुझे मजबूर होकर पीड़ित लोगों के समर्थन में जनहित में सरकार व जिला प्रशासन के हिटलर साही प्रशासन के विरूद्ध धरने पर बैठने के लिए बाध्य होना पड़ेगा जिसके लिए सरकार व प्रशासन जिम्मेदार रहेगा।

Search

Archives