कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के संजय नगर में एक सूने मकान में भीषण आग लग गई। घटना के समय पूरा परिवार बाहर गया हुआ था और घर पर ताला लगा था।
आग की सूचना पर बालको थाना पुलिस और बालको नगर का दमकल वाहन तुरंत मौके पर पहुंचा। घर में ताला लगा होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस और दमकलकर्मियों ने घर का दरवाजा और खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और जान जोखिम में डालकर किसी तरह किचन में रखे गैस सिलेंडर को बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर समय पर राहगीरों की नजर नहीं पड़ती और दमकल टीम नहीं पहुंचती तो आग पूरे मोहल्ले में फैल सकती थी। फिलहाल आग से घर में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। बालको थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक बोर्ड में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मकान मालिक के बयान के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।







