कोरबा । जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं, पुलिस का खौफ नहीं है। बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को चोर अंजाम दे रहे हैं। पुलिस थाने के करीब ही चोरों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। आज सुबह करीब 6.15 बजे सुलभ काम्पलेक्स के कर्मचारी ने चोरी होने की सूचना दुकान मालिक को दी।
जानकारी के अनुसार कोरबा सिटी कोतवाली से थोड़े ही दूर सुलभ कांप्लेक्स के बगल में सुमित के द्वारा शंकर मोबाइल नामक प्रतिष्ठान का संचालन किया जा रहा है। दुकान के आस पास दर्जनों दुकानें स्थित है। बीती रात करीब 10.30 बजे सुमित दुकान बंद कर अपने घर चला गया। आज सुबह सुलभ कांप्लेक्स के कर्मचारी ने जब उन्हें चोरी होने की जानकारी दी तो उसके होश उड़ गए। सुमित दुकान पहुंचा तो उसने देखा कि दुकान के ऊपर टीन की शीट को उखाड़कर भीतर के फॉल सीलिंग को तोड़ते हुए दुकान से ईयर पॉड्स, बटन वाले मोबाइल व अन्य सामानों की चोरी कर ली गई है। लगभग 50 से 60 हजार की चोरी का अंदाजा लगाया गया है। स्थानीय व्यवसायियों ने घटना के प्रति आश्चर्य जताया है और अपने जान-माल के प्रति भय व्यक्त किया।







