कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से लूटपाट का मामला सामने आया है। कटघोरा पुलिस ने चारों अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सतीश कृष्णा नगर विद्युत मंडल के पीछे गुडयारी थाना गुडयारी जिला रायपुर में अपने परिवार के साथ निवास करता है। सतीश ट्रासपोटिंग का काम करता है। वह अपने छोटा हाथी वाहन क्रमांक सीजी-04 एचपी 9982 में देवेन्द्र नगर रायपुर के ठेकेदार संजय सोमानी का सामान रायपुर से भैयाथान ले जाने के लिए निकला था। कार्टून में सामान के साथ ही 10 बंडल वायर, तीन बंडल कारपेट, आयल दुकान से एक ड्रम ऑयल 200 लीटर वाला सर्वे कंपनी का एवं 20 बाल्टी एचपी का ऑयल लोड किया था। सतीश कटघोरा थाना अंतर्गत सुतर्रा हाईवे पुल के पास पहुंचा ही था कि छोटा हाथी वाहन का पीछे का टायर पंचर हो गया। इससे परेशान सतीश ने बनाने के लिए वाहन से पाना-पेचकस निकाल रहा था। इसी दौरान दो मोटर सायकल से 4 युवक वहां पहुंचे और मदद की भावना से अपना हाथ आगे बढ़ाए।
इसी दौरान एक लड़के ने कहा कि इधर सुतर्रा तरफ से भैयाथान जाओगे तो 9 किमी पड़ेगा, वहीं सीधा जाते हो तो 3 किमी पड़ेगा। रास्ता बातउंगा कहकर छोटा हाथी में वह लड़का बैठ गया। थोड़ा आगे दोराहा पर रुकवाया। कुछ ही देर में वहां दो मोटर सायकल से तीन युवक पहुंच गए। फिर चारों युवकों ने पीड़ित को पकड़कर रोड से कुछ दूर ले जाकर पैसे की मांग की। नहीं देने पर जबरदस्ती करते हुए पैंट से 3200 रूपये व मोबाईल को निकाल लिए।
इसके बाद पीड़ित के हाथ को गमछा से बांध दिए। सभी युवकों ने पैसा बंटवारा किया। जब पीड़ित ने उनसे कुछ पैसे मांगे तो एक लड़के ने 450 रूपये एवं मोबाईल को लौटा दिया और छोटा हाथी को लेकर वे फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित चालक आसपास मदद के लिए गया तो कुछ लोग मिले। इन्हें कहकर हाथ को खुलवाया फिर डायल 112 को फोन कर थाना पहुंचा। गाड़ी एवं सामान कीमती लगभग 2 लाख रूपये लूटकर ले जाने की रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने अज्ञात चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34, 379 आईपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







