Home » पैरामेडिकल स्टॉफ की अनुबंध अवधि समाप्त, मरीजों की परेशानियां बढ़ी
कोरबा

पैरामेडिकल स्टॉफ की अनुबंध अवधि समाप्त, मरीजों की परेशानियां बढ़ी

कोरबा। एनटीपीसी कोरबा चिकित्सालय में यूपीएल के माध्यम से कार्य कर रहे पैरामेडिकल स्टॉफ का अनुबंध अवधि 8 मार्च को समाप्त हो गया है। इससे इन कर्मियों को जहां एक ओर रोजगार की चिंता सताने लगी है वहीं मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पैरामेडिकल स्टॉफ ने जानकारी देते हुए बताया कि अपर महाप्रबंधक, मानव संसाधन विभाग को इस संबंध में 6 जनवरी को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया था, साथ ही उचित निराकरण का आग्रह भी किया गया था। इसके बाद भी प्रबंधन द्वारा किसी प्रकार का ध्यान नहीं देने से पैरामेडिकल स्टॉफ की चिंता बढ़ गई है। स्टॉफ ने समस्याओं से अवगत कराते हुए उचित मानदेय, समान काम समान वेतन, गेच्यूटी भुगतान, अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने, नौकरी की संरक्षा, मातृत्व व पितृत्व अवकाश, कार्य अनुभव एवं कार्यदक्षता के आधार पर एनटीपीसी के नियमित कर्मचारी के रूप में संविलियन करते हुए समान सुविधा एवं वेतन आदि बातों से अवगत कराया गया था। अब 8 मार्च को अनुबंध समाप्त हो जाने से स्टॉफ को बेरोजगारी का डर सताने लगा है वहीं मरीजों की भी परेशानियां बढ़ गई है।
बता दें कि 2600 मेगावाट बिजली पैदा करने वाली संयंत्र में करीब 700 अधिकारी, कर्मचारी ड्यूटी निर्वहन कर रहे हैं, वहीं हजारों की संख्या में ठेका श्रमिक कार्यरत हैं। अधिकारी, कर्मचारी, ठेका श्रमिक सहित क्षेत्र की आम जनता को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने एनटीपीसी आवासीय परिसर स्थित चिकित्सालय का संचालन किया जा रहा है। पिछले 8 से 10 सालों से यूपीएल के माध्यम से पैरामेडिकल स्टॉफ के द्वारा सेवा दी जा रही है, जिनका अनुबंध समाप्त हो जाने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Search

Archives