कोरबा। जिले के करतला रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। बीती रात सक्ती रेंज से वापस लौटे गज दल ने नोनबिर्रा बीट के बोड़ाझाप गांव में भारी उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों ने नाबाड़ बाड़ी में प्रवेश कर दो ग्रामीणों के बोर पाईप को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं वहां अमरैय्या में लगे आम के पेड़ों को भी तहस नहस कर दिया तथा खेतों में पहुंचकर धान की फसल को बेहद नुकसान पहुंचाया है।
पीड़ित ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर रात में हाथियों द्वारा किये गए नुकसानी के आंकलन में जुट गए। हाथियों के उत्पात से ग्रामीण काफी दहशत में है। उन्होंने बताया कि महीनों मेहनत करने के बाद फसल को तैयार करते हैं लेकिन हाथी अचानक पहुंचकर एक ही रात में उसे उजाड़ देते हैं। वन विभाग को गजदल के आने पर सूचना देते हैं, लेकिन वन अमला लापरवाही बरत रहा है और सूचना दिए जाने के बावजूद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नहीं पहुंचते।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों के उत्पात और उनकी सुरक्षा के लिए कोई उपाय करें। हाथियों ने रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के गांव केरवाद्वारी में भी फसल को नुकसान पहुंचाया है। उधर कटघोरा वनमंडल के एतमा नगर रेंज में 53 हाथी अभी भी जमें हुए हैं। हाथियों के दल ने परला व आसपास के गांव में उत्पात मचाते हुए फिर फसल को तहस नहस कर दिया है।







