Home » आश्रित ग्राम करगामार में गहराया पेयजल संकट, सप्ताह भर से ग्रामीण हो रहे परेशान
कोरबा छत्तीसगढ़

आश्रित ग्राम करगामार में गहराया पेयजल संकट, सप्ताह भर से ग्रामीण हो रहे परेशान

कोरबा। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पचरा के आश्रित ग्राम करगामार में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट गहराने लगा है। ग्राम में पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार करगामार में स्थापित सिंटेक्स टंकी में पिछले चार-पांच दिनों से पानी चढ़ना बंद हो गया है। इसके चलते पूरे गांव की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। पेयजल की समस्या के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अचानक पानी की आपूर्ति बंद होने से उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सुबह से लेकर शाम तक पानी की व्यवस्था करने में लोगों का काफी समय और श्रम व्यय हो रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की आवश्यकता बढ़ जाने के कारण समस्या और भी गंभीर हो गई है। कई घरों में पीने के पानी तक की कमी महसूस की जा रही है। ग्रामीणों ने आगे बताया कि इस संबंध में ग्राम पंचायत पचरा को सूचना दे दी गई है और जलापूर्ति बहाल करने मांग की गई है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए जाने के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और पंचायत प्रशासन से मांग की है कि जलापूर्ति व्यवस्था की तत्काल जांच कर खराबी को दूर किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Search

Archives