Home » चाकूबाजी में घायल फल व्यवसायी की मौत … अवैध संबंध के विवाद में हुई हत्या, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

चाकूबाजी में घायल फल व्यवसायी की मौत … अवैध संबंध के विवाद में हुई हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। तिफरा के यदुनंदन नगर चौक में रविवार रात फल व्यवसायी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष गोस्वामी के रूप में हुई है। घटना के बाद फरार आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों को लेकर उपजे विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार 7 जून की रात करीब 9.30 बजे मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर धारदार चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल मनीष को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह सिम्स अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट पर थाना सिरगिट्टी में अपराध 409/2026 के तहत धारा 103, 115-2 बीएनएस अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस विवेचना में पता चला कि मृतक मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ अवैध संबंध था।

महिला को मनीष ने ग्राम सैदा में रखा हुआ था। इसी बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू उसके प्रति नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने चाकू से हमला कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Search

Archives