कोरबा। कटघोरा स्थित ग्राम ढपढप में भक्ति और सेवा का महाकुंभ आयोजित होने जा रहा है। आगामी 28 मार्च से 1 अप्रैल तक बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से दिव्य हनुमंत कथा की अमृत वर्षा होगी। कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन समिति ने इस पांच दिवसीय महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा साझा की। शुरूआत से एक दिन पहले यानी 27 मार्च को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया है। इसमें 21 हजार माताएं-बहनें शामिल होंगी। अपना घर सेवा आश्रम परिवार कोरबा द्वारा संपूर्ण व्यवस्था की गई है। कथा का आयोजन प्रतिदिन शाम 3 से 6 बजे तक होगा। इस दौरान हजारों हनुमान भक्त कथा श्रवण करने पहुंचेंगे।
भक्तों का बहुप्रतीक्षित ‘दिव्य दरबार’ 30 मार्च को सजेगा, जहाँ लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। सामाजिक सरोकार के तहत 1 अप्रैल को कथा स्थल पर 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। महोत्सव के दौरान पांच दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। साथ ही 29 मार्च को ‘अपना घर सेवा आश्रम’ के नवीन भवन का संकल्प लिया जाएगा। 31 मार्च को बजरंग दल द्वारा विशेष त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए आयोजन समिति के जुड़ावन सिंह ठाकुर, डॉ. पवन सिंह, ऋतु चौरसिया, सुबोध सिंह,अमरजीत सिंह , राणा मुखर्जी व अन्य पत्रकार वार्ता में बताया कि विशाल पंडाल, शुद्ध पेयजल और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। समिति ने समस्त अंचल वासियों से इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।







